बरेली। जमीन बेचने के नाम पर दो लोगों से कुल 54 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे आरोपी पन्नालाल कश्यप को बरेली क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे मेरठ-गाजियाबाद मार्ग पर परतापुर मेट्रो स्टेशन के पास से बलेनो कार समेत पकड़ा। आरोपी पर फर्जी आधार कार्ड और नाम का इस्तेमाल कर रकम हड़पने समेत कई गंभीर आरोप हैं।
भोजीपुरा थाने में आठ अगस्त 2023 को साईम खान ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि जमीन बेचने के नाम पर उनसे 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। सौदे में फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करने, रकम हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। मुकदमे में सतेन्द्र यादव उर्फ लालू, महिपाल सिंह यादव, राजवीर सिंह, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज अली और पन्नालाल कश्यप को आरोपी बनाया गया। इसी दिन अनिल कुमार सिंह ने भी भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने जमीन के सौदे में 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। इस मामले में देव सिंह राना एडवोकेट, हितेन्द्र राना, महिपाल सिंह यादव, राजवीर सिंह, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज अली और पन्नालाल कश्यप को नामजद किया गया। दोनों मामलों की विवेचना बरेली क्राइम ब्रांच कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर गाजियाबाद पहुंची क्राइम ब्रांच
पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच लगातार जानकारी जुटा रही थी। सोमवार को निरीक्षक अरुण कुमार और निरीक्षक उत्तम कुमार की टीम को पन्नालाल के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद टीम ने मेरठ-गाजियाबाद मार्ग पर परतापुर मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी की। शाम करीब साढ़े पांच बजे पन्नालाल कश्यप को बलेनो कार नंबर DL7CX-7638 के साथ पकड़ लिया गया। आरोपी मूल रूप से गाजियाबाद के संजय नगर का रहने वाला है और वर्तमान में नंदग्राम क्षेत्र के गढ़ी में रह रहा था।
बीटेक और एलएलबी कर चुका आरोपी, बोला- अब राजनीति करता हूं
पुलिस पूछताछ में पन्नालाल ने बताया कि उसने बीटेक और एलएलबी की पढ़ाई की है और वर्तमान में राजनीति करता है। पुलिस के अनुसार उसने पूछताछ में बताया कि करीब दो-तीन साल पहले बरेली निवासी महिपाल यादव कुछ लोगों को जमीन के सौदे के सिलसिले में उसके पास लेकर आया था। उसे अच्छे लाभ का लालच दिया गया था। उसने यह भी बताया कि संबंधित लोगों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एक-दो बार मुलाकात हुई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस से कहा कि उससे गलती हो गई थी। हालांकि मामले में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में क्राइम ब्रांच जांच कर रही है।
पासपोर्ट, हथियारों के लाइसेंस प्रपत्र और राडो घड़ी मिली
पुलिस ने आरोपी के पास से दो वीवो मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट, रिवॉल्वर और राइफल से संबंधित दो लाइसेंस प्रपत्र और एक राडो घड़ी बरामद होने की जानकारी दी है। इसके अलावा चाबियां, चश्मा, माला, छल्ला और पहचान पत्र समेत व्यक्तिगत सामान भी मिला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पन्नालाल के खिलाफ भोजीपुरा में धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े दोनों मुकदमों के अलावा गाजियाबाद में बिजली चोरी से संबंधित तीन मुकदमे भी दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक उत्तम कुमार, हेड कांस्टेबल रिजवान खान और कांस्टेबल अंकुर शर्मा शामिल रहे। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।