बरेली। क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव में शादी के करीब पांच महीने बाद 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने गले पर रस्सी के निशान होने का दावा करते हुए दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के कोकीली गांव निवासी तुलाराम ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी 27 अप्रैल 2026 को क्योलड़िया क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव निवासी सोनू कुमार के साथ की थी। पिता के मुताबिक उन्होंने शादी में अपनी हैसियत के अनुसार खर्च किया था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे और शादी के कुछ समय बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रियंका को प्रताड़ित करने लगे थे।
पांच दिन पहले ही मायके से लौटी थी ससुराल
तुलाराम के मुताबिक प्रियंका पांच दिन पहले ही मायके से अपनी ससुराल लौटी थी। मंगलवार सुबह परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। मायके वाले मौके पर पहुंचे तो प्रियंका मृत मिली। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी के गले पर रस्सी के निशान थे। उनका आरोप है कि ससुरालियों ने प्रियंका की हत्या करने के बाद उसे साड़ी के सहारे कुंडे से लटका दिया।
विवाहिता की मौत के बाद ससुराली घर से फरार
घटना की सूचना मिलने पर क्योलड़िया थाना प्रभारी वेद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के घर से फरार होने की बात भी सामने आई है।
पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा
प्रियंका के पिता तुलाराम ने क्योलड़िया थाने में पति सोनू कुमार समेत छह ससुरालियों को नामजद करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।