bareillyकार्यक्रम को संबोधित करने प्रदेश अध्यक्ष।

बरेली। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ तेवर और तल्ख कर दिए हैं। रविवार को सीबीगंज में आयोजित संविधान संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और अपराध से जनता परेशान है। सरकार सत्ता के अहंकार में जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इसका करारा जवाब देगी।

मुख्य अतिथि अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मूल भावना के साथ खिलवाड़ कर रही है। महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। प्रदेश में अपराध की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को कार्रवाई के जरिए दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

डबल इंजन सरकार में आम आदमी परेशान

अजय राय ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारी नीतियों का फायदा आम जनता के बजाय बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है। गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और युवा महंगाई व बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और विधानसभा चुनाव में सरकार से इसका हिसाब करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ रहे हैं। कांग्रेस के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है और समाज के विभिन्न वर्ग पार्टी से जुड़ रहे हैं। संगठन सृजन अभियान के जरिए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। इसका असर 2027 के विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा।

महंगाई ने गरीब-मध्यम वर्ग की कमर तोड़ी : राकेश राठौर

सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चीनी, सब्जियां, दाल और रोजमर्रा के घरेलू सामान लगातार महंगे हो रहे हैं। महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। बेरोजगारी से युवा निराश हैं और उनके सामने भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की मुहिम है। बूथ स्तर तक संगठन खड़ा किया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया।

फरीदपुर से झुमका चौराहा तक कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

इससे पहले फरीदपुर टोल प्लाजा और झुमका चौराहा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद राकेश राठौर का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस के समर्थन में नारे गूंजते रहे और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी, महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, प्रवक्ता पंडित राज शर्मा, मास्टर छोटेलाल गंगवार, प्रदेश सचिव असलम चौधरी, राजाराम साहू, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, केके शर्मा, प्रवीण शर्मा, मनोज शर्मा, अनुराग राठौर, साहिल राठौर, हरीश भारती, रंजीत राठौर, हारून अल्वी, राजाराम राठौर, मुकेश मुरारी लाल, रामकुमार, रमेश साहू, रामावतार फौजी, मदनलाल प्रधान, मसूद अली पीरजादा, नरेंद्र साहू, आशीष साहू, विश्वास साहू, आशिक अली, जगदीश शरण, हेमेंद्र शर्मा, डॉ. हरीश गंगवार और सुरेश दिवाकर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *