UP NEWSउझानी रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को रेल सुरक्षा का संदेश देते कलाकार।

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से शनिवार को उझानी रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और समपार संख्या 286/ए पर आयोजित अभियान में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और आमजन को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक के जरिए समझाए सुरक्षित यात्रा के नियम

अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को बताया गया कि रेल यात्रा के समय किसी भी प्रकार का ज्वलनशील अथवा विस्फोटक पदार्थ साथ लेकर चलना खतरनाक है। इसके साथ ही ट्रेन के अंदर धूम्रपान नहीं करने तथा चलती ट्रेन के पायदान और छत पर यात्रा से पूरी तरह बचने की अपील की गई।

प्लेटफार्म बदलना हो तो फुट ओवर ब्रिज का करें इस्तेमाल

रेल प्रशासन ने यात्रियों को प्लेटफार्म बदलते समय रेलवे ट्रैक पार करने के बजाय हमेशा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का इस्तेमाल करने की सलाह दी। लोगों को बंद समपार फाटक को किसी भी स्थिति में अनधिकृत तरीके से पार नहीं करने के लिए भी जागरूक किया गया।

रेलवे ट्रैक पर हेडफोन से बचने की अपील

अभियान के दौरान लोगों को रेलवे ट्रैक और समपार फाटक पार करते समय हेडफोन या ईयरफोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई। बताया गया कि कानों में हेडफोन लगाने से आसपास आ रही ट्रेन या अन्य खतरे की आवाज सुनाई नहीं दे सकती, जिससे गंभीर हादसा हो सकता है।

ट्रैक किनारे मवेशी चराने से भी किया मना

रेलवे प्रशासन ने ग्रामीणों से रेलवे ट्रैक के किनारे मवेशियों को नहीं चराने की अपील की। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक और विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।

रेलवे ट्रैक के आसपास पतंग उड़ाना पड़ सकता है भारी

जनजागरूकता अभियान में रेलवे ट्रैक और उसके आसपास पतंग नहीं उड़ाने का संदेश भी दिया गया। लोगों को समझाया गया कि रेलवे क्षेत्र में पतंगबाजी के दौरान विद्युत लाइनों और रेलवे परिचालन से जुड़े गंभीर खतरे उत्पन्न हो सकते हैं। इसलिए रेलवे परिसरों और ट्रैक के आसपास किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की अपील की गई।

डीआरएम के मार्गदर्शन में चला सुरक्षा अभियान

यह जनजागरूकता अभियान इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों और आसपास के लोगों में सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रेल दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना रहा।

रेल प्रशासन का संदेश खुद भी सुरक्षित रहें, दूसरों को भी करें जागरूक

रेल प्रशासन ने यात्रियों और आमजन से अपील की कि वे रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही अपने परिवार, परिचितों और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करें। रेलवे ने स्पष्ट संदेश दिया कि थोड़ी सी सावधानी न केवल स्वयं की जिंदगी बचा सकती है, बल्कि दूसरों को भी सुरक्षित रख सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *