sAI चित्र

बरेली। किला थाना क्षेत्र में एक युवती ने महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि करीब आठ साल पहले उसे बहला-फुसलाकर घर से ले जाया गया और बाद में मस्जिद ले जाकर कलमा पढ़वाया गया। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घर लौटने के बाद भी उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। मामले में पीड़िता ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर किला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिता से विवाद के बाद महिला के संपर्क में आई युवती

शिकायत के मुताबिक महिमा गुप्ता का करीब आठ साल पहले अपने पिता नरेश गुप्ता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान फरहा बेगम उर्फ लक्की, जो पहले पढ़ाई के सिलसिले में उसके पिता के घर आती-जाती थी, ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ कर लिया। युवती का आरोप है कि उसे पिता के खिलाफ भड़काया गया और कुछ कागज तैयार कराने के बाद वर्ष 2018 से अपने घर में रखा गया।

मस्जिद ले जाकर कलमा पढ़वाने का आरोप

महिमा ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद फरहा बेगम उसे मस्जिद ले गई। वहां उससे कलमा पढ़वाया गया और उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। युवती का कहना है कि वह लंबे समय तक फरहा के साथ रही, लेकिन बाद में उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और प्रताड़ना शुरू हो गई।

रक्षाबंधन पर कमरे में बंद कर पीटने का दावा

पीड़िता के मुताबिक रक्षाबंधन के दिन उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि कमरे में तेज आवाज में साउंड चलाकर उसके साथ मारपीट की गई। अगले दिन मौका मिलते ही वह वहां से निकलकर किसी तरह अपने पिता के घर पहुंची। 29 अगस्त से वह अपने पिता के साथ रह रही है।

घर पहुंचकर भी पीछा नहीं छोड़ने का आरोप

महिमा का आरोप है कि पिता के घर लौटने के बाद भी फरहा बेगम लगातार परेशान कर रही है। वह घर का दरवाजा खटखटाकर भाग जाती है और गाली-गलौज करती है। पीड़िता ने पुलिस को पहले भी सूचना देने की बात कही है। उसका आरोप है कि पुलिस के पहुंचने पर महिला वहां से चली जाती है।

‘साथ नहीं रही तो परिवार को मरवा दूंगी’

शिकायत में युवती ने कई मोबाइल नंबरों से धमकी भरे फोन आने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक फरहा बेगम कथित तौर पर धमकी देती है कि अगर वह उसके साथ नहीं रही तो उसके पिता और बहन को जान से मरवा दिया जाएगा। परिवार को झूठे मुकदमे और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी का भी आरोप

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसे चेहरे पर तेजाब डालकर चेहरा खराब करने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की गहन जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के आदेश पर किला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *