बरेली। लगातार बढ़ता जलस्तर अब मीरगंज क्षेत्र की अस्थायी गौशाला के लिए भी चिंता बढ़ा रहा है। हालात बिगड़ने से पहले प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ग्राम पंचायत पहुंचा बुजुर्ग स्थित अस्थायी गौशाला पहुंचे। आसपास बढ़ते पानी और संभावित खतरे को देखते हुए उन्होंने यहां रखे गोवंश को सुरक्षित दूसरी गौशालाओं में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
डीएम ने गौशाला का निरीक्षण कर वहां रखे गोवंश की संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी ली। हरा चारा और भूसा कितना उपलब्ध है, पशुओं को पानी कहां से मिल रहा है और परिसर में सफाई कैसी है, इसकी पड़ताल की। उन्होंने गोवंश को पर्याप्त चारा और साफ पानी लगातार उपलब्ध कराने को कहा।
बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता, जोखिम लेने के मूड में नहीं प्रशासन
गौशाला के आसपास बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने गोवंश को वहां रखने का जोखिम नहीं लेने का फैसला किया है। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि स्थिति ज्यादा बिगड़ने का इंतजार न किया जाए। गोवंश को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि अचानक पानी बढ़ने पर पशुओं को निकालने में परेशानी न हो।
एक-एक गोवंश पर नजर, बीमार मिला तो तुरंत इलाज
डीएम ने गौशाला में रखे प्रत्येक गोवंश की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। किसी पशु की तबीयत खराब होने या दूसरी समस्या सामने आने पर तत्काल इलाज और जरूरी इंतजाम करने को कहा। खासतौर पर बदलते मौसम और जलस्तर के बीच पशुओं की सेहत को लेकर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
अफसरों के साथ मौके पर ही परखे बाढ़ से जुड़े हालात
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, जल निगम और बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता तथा सीओ मीरगंज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने संबंधित विभागों से जलस्तर और आसपास के हालात की जानकारी भी ली और गोवंश की सुरक्षित शिफ्टिंग की तैयारी रखने को कहा।