sमंच पर बैठे भाजपा नेता

बरेली। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने ब्रज क्षेत्र में संगठन की धार तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। नई क्षेत्रीय टीम के गठन के बाद गुरुवार को बरेली में पहली परिचयात्मक बैठक हुई। इसमें पदाधिकारियों को जिलों से बेहतर समन्वय बनाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी मंथन हुआ।

नई टीम ने किया परिचय, फिर रणनीति पर मंथन

सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में ब्रज क्षेत्र की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारी जुटे। पदाधिकारियों ने एक-दूसरे से परिचय करने के साथ ही संगठन की मौजूदा स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। खास तौर पर क्षेत्रीय और जिला इकाइयों के बीच तालमेल मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बूथ तक सक्रियता बढ़ाने पर फोकस

ब्रज क्षेत्र की प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री सांसद गीता शाक्य ने पदाधिकारियों से संवाद करते हुए संगठन के काम को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। संदेश दिया गया कि पदाधिकारी केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाएं।

जिलों के साथ समन्वय बनाकर आगे बढ़ेगी टीम

बैठक में क्षेत्रीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। नई टीम को जिला और महानगर इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया। पार्टी के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और बूथ स्तर पर नेटवर्क को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।

पूरन लाल लोधी समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठक में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना समेत क्षेत्रीय टीम के पदाधिकारी और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नई टीम को साफ संदेश दिया गया कि आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करते हुए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और जिलों के साथ तालमेल प्राथमिकता में रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *