बरेली। बड़ा बाईपास स्थित परधोली गांव के पास लखनऊ की तरफ से आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ पहुंच गई और सामने से बाइक पर आ रहे दंपति को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
ससुराल से घर लौट रहे थे पति-पत्नी
भुता थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी 24 वर्षीय मटरू कश्यप उर्फ गगन मंगलवार शाम करीब पांच बजे अपनी 23 वर्षीय पत्नी कमलेश के साथ बाइक से सीबीगंज के नदोसी स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। दोनों बड़ा बाईपास पर परधोली गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर पार करते हुए उनकी बाइक से जा टकराई।
डिवाइडर पार करते ही बाइक को बनाया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। डिवाइडर पार करने के बाद कार सीधे बाइक सवार दंपति से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवारों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई।
मजदूरी करके परिवार चलाता था मटरू
जिला अस्पताल की मोर्चरी पर मौजूद मटरू के तहेरे भाई ओमपाल ने बताया कि मटरू तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में उसकी ही शादी हुई थी। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और कार को कब्जे में ले लिया।
कार सवार चारों लोग हिरासत में
परिजनों के मुताबिक पुलिस ने कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार की तेज रफ्तार समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में किसकी गलती रही और कार डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में कैसे पहुंची, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
चार महीने पहले ही हुई थी दोनों की शादी
मटरू और कमलेश की शादी को अभी महज चार महीने ही हुए थे। दोनों की जिंदगी ने अभी साथ चलना शुरू ही किया था कि मंगलवार शाम हुए दर्दनाक हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। ससुराल से घर लौटते समय दोनों हमेशा के लिए एक-दूसरे का साथ छोड़ गए। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक साथ उजड़ा परिवार, अस्पताल में मचा कोहराम
पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल की मोर्चरी पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस दंपति के घर लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां अब उनके शव पहुंचने की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।