AI चित्र

बरेली। कैंट क्षेत्र के मोहनपुर गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चार भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक व्यक्ति ने अपने तीन भाइयों पर खेती, जिम और आइस फैक्ट्री समेत उसके हिस्से की संपत्ति कब्जाने, 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और तमंचे से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिता की मौत के बाद बिगड़े रिश्ते

मोहनपुर निवासी वाजिद हुसैन ने पुलिस को बताया कि पिता की मौत के बाद पारिवारिक विवाद के चलते उन्होंने अपने भाइयों जाकिर हुसैन, आसिफ हुसैन और आमिर हुसैन से संबंध समाप्त कर लिए थे। आरोप है कि इसके बाद तीनों भाइयों ने मिलकर पैतृक खेती, जिम और आइस फैक्ट्री समेत अन्य संपत्तियों पर कब्जा कर लिया। जाकिर हुसैन को स्मैक तस्कर उस्मान का दामाद बताया गया है।

मकान खाली कराने का दबाव, मांगे 10 लाख

पीड़ित का आरोप है कि उनके पिता ने जीवनकाल में उन्हें एक मकान दिया था। अब आरोपी उस मकान पर भी कब्जा करना चाहते हैं। इसके लिए लगातार दबाव बनाकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने तथा घर से निकालने की धमकी दी गई।

बातचीत के बहाने बुलाया, फिर चला दी गोली

वाजिद हुसैन के मुताबिक, 22 अगस्त को आरोपियों ने उन्हें बातचीत के बहाने बुलाया था। वहां पहुंचते ही उनसे गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि जाकिर हुसैन ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद आरोपी 10 लाख रुपये देने की धमकी देकर चले गए।

पत्नी को पीटकर किया बेहोश

आरोप है कि 27 अगस्त को तीनों भाइयों ने दोबारा हमला किया और वाजिद को मकान से निकालने की कोशिश की। विरोध करने पर उनकी पत्नी असीमा के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गईं। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर थाना कैंट में रंगदारी मांगने, जानलेवा हमला करने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *