sबॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का जलवा

नई दिल्ली। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी अप्रत्याशित सफलता से चर्चा में है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने कमाई का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये के पार पहुंचा दिया है। इस बीच निर्देशक और निर्माता विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म निर्माण से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा की हैं। उन्होंने दावा किया कि फिल्म के लिए उन्होंने बतौर निर्देशक कोई फीस नहीं ली। शूटिंग के दौरान सेट पूरी तरह शाकाहारी रखा गया और प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता था।

2 करोड़ की फिल्म, ग्रॉस कलेक्शन 117 करोड़ पार

रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 31वें दिन भी ‘हनुमान अंश’ की कमाई जारी रही। फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन करीब 117.46 करोड़ रुपये, जबकि नेट कलेक्शन करीब 99.29 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। रविवार के अंतिम आंकड़े आने के बाद इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है। कम बजट में बनी फिल्म का यह प्रदर्शन इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि सिनेमाघरों में इसे बड़ी स्टारकास्ट वाली फिल्मों से मुकाबला करना पड़ा। इसके बावजूद फिल्म दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए रखने में कामयाब रही।

निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने माफ कर दी अपनी फीस

फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने एक पॉडकास्ट में बताया कि वह ‘हनुमान अंश’ के निर्माता भी हैं। इसी कारण उन्होंने फिल्म के निर्देशन के लिए कोई फीस नहीं ली। उनके मुताबिक, फिल्म को सिर्फ एक व्यावसायिक प्रोजेक्ट की तरह नहीं बनाया गया, बल्कि निर्माण के दौरान भी इसकी धार्मिक भावना का विशेष ध्यान रखा गया।

सेट पर रोज होता था हनुमान चालीसा का पाठ

विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरा सेट शाकाहारी रखा गया था। टीम प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करती थी। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म की रिलीज से करीब साढ़े चार महीने पहले तक वह केवल फलों पर आधारित आहार ले रहे थे।

पहले दिन सिर्फ 10 लाख, तीसरे हफ्ते में बदली तस्वीर

7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये का कारोबार किया। शुरुआती प्रदर्शन को देखते हुए इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद कम थी, लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी ने धीरे-धीरे फिल्म की रफ्तार बढ़ा दी। तीसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई ने तेजी पकड़ी और इसके बाद यह बॉक्स ऑफिस पर मजबूत होती चली गई। धार्मिक कथानक और दर्शकों के बीच बनी चर्चा को फिल्म की सफलता की बड़ी वजह माना जा रहा है। छोटे बजट और धीमी शुरुआत के बावजूद 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई ने ‘हनुमान अंश’ को इस साल की चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *