चेन्नई। दलीप ट्रॉफी 2026-27 का खिताबी मुकाबला रविवार, 6 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जाएगा। फाइनल में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के साथ ईशान किशन और तिलक वर्मा मैदान पर उतरेंगे। वहीं साउथ जोन में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और देवदत्त पडिक्कल की वापसी हुई है, जबकि अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को आराम दिया गया है।
वैभव और ईशान से ईस्ट जोन को बड़ी उम्मीद
फाइनल से पहले वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा के खेलने को लेकर असमंजस बना हुआ था। तीनों अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज का भी हिस्सा हैं। हालांकि ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने प्रमुख खिलाड़ियों की उपलब्धता की पुष्टि कर दी है। साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने भी साफ किया है कि केएल राहुल फाइनल में नहीं खेलेंगे। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर इस मुकाबले में खास नजर रहेगी। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके वैभव ने दलीप ट्रॉफी में भी प्रभावित किया है। ईशान और वैभव की मौजूदगी ईस्ट जोन की बल्लेबाजी को मजबूती देगी। दूसरी ओर तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन को सिराज और पडिक्कल के जुड़ने से फायदा मिलने की उम्मीद है।
फाइनल पर मुख्य चयनकर्ता अगरकर की भी नजर
खिताबी मुकाबले को देखने के लिए भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भी चेन्नई पहुंचने की संभावना है। ऐसे में फाइनल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं की निगाह रहेगी। अगरकर का मौजूदा अनुबंध 4 अक्टूबर तक बताया गया है। हाल में हुई बीसीसीआई की समीक्षा बैठक में वह पारिवारिक कारणों से शामिल नहीं हो सके थे। ऐसे में चेन्नई में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के साथ उनकी संभावित बातचीत भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एशियन गेम्स के लिए भी बीसीसीआई की तैयारी तेज
दलीप ट्रॉफी के साथ बीसीसीआई एशियन गेम्स की तैयारियों में भी जुटा है। भारतीय पुरुष टीम के अभ्यास के लिए मयंक यादव, कार्तिक त्यागी और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान को नेट गेंदबाज के तौर पर जापान भेजने की तैयारी है। मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण के सुझाव के बाद यह योजना बनाई गई है। तीनों तेज गेंदबाज भारतीय एशियन गेम्स दल का हिस्सा नहीं होंगे और केवल अभ्यास के दौरान टीम के साथ रहेंगे। भारतीय टीम के 20 सितंबर को दिल्ली से जापान रवाना होने की उम्मीद है, जबकि उसका पहला मुकाबला 28 सितंबर को निर्धारित है। तीनों नेट गेंदबाजों के वीजा के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।