बरेली। अवैध कॉलोनियां काटकर करोड़ों का खेल करने वालों पर बीडीए का बुलडोजर लगातार गरज रहा है। मंगलवार को इज्जतनगर के खजुरिया खाट में बिना स्वीकृति बसाई जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर बीडीए ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सड़क, बाउंड्रीवाल और प्लॉटिंग के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया।

बीडीए के अनुसार तौसीफ द्वारा ग्राम खजुरिया खाट में लगभग 4000 वर्गमीटर तथा 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। यहां भूखंडों का चिन्हांकन किया जा चुका था। कॉलोनी को आकार देने के लिए सड़क बनाई जा रही थी और बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर बीडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण और विकास कार्य को ध्वस्त कर दिया।

अवैध कॉलोनाइजरों पर जारी रहेगा अभियान

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि बिना स्वीकृति कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कॉलोनाइजर को बख्शा नहीं जाएगा। जहां भी अवैध प्लॉटिंग या निर्माण की सूचना मिलेगी, वहां नियमानुसार ध्वस्तीकरण और अन्य कार्रवाई की जाएगी।

प्लॉट खरीदने से पहले जरूर करें जांच

उपाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट या मकान खरीदने से पहले यह अवश्य सुनिश्चित कर लें कि उसे बरेली विकास प्राधिकरण की स्वीकृति प्राप्त है। बिना स्वीकृति विकसित कॉलोनियों में निवेश करने पर आर्थिक नुकसान हो सकता है, क्योंकि ऐसे निर्माणों के विरुद्ध कभी भी कार्रवाई की जा सकती है। बीडीए ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *