बरेली। अर्बन अस्पताल की पैथोलॉजी में खामियां मिलने के बाद सीलिंग तोड़कर चिकित्सकीय गतिविधियां शुरू करने के मामले की जांच अभी चल ही रही थी कि अब अस्पताल के दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा सामने आया है। रिकॉर्ड में पर्सन इंचार्ज दिखाए गए डॉ. आदित्य आर्या ने सीएमओ कार्यालय को लिखित बयान देकर दावा किया है कि उन्होंने अर्बन अस्पताल में इस पद पर कभी काम ही नहीं किया और उनके दस्तावेजों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया।
एक डॉक्टर, दो अस्पतालों के रिकॉर्ड में नाम
स्वास्थ्य विभाग के दस्तावेजों की पड़ताल के दौरान डॉ. आदित्य आर्या का नाम अर्बन अस्पताल में पर्सन इंचार्ज के रूप में दर्ज मिला। पर्सन इंचार्ज वह चिकित्सक होता है, जिसकी अस्पताल में 24 घंटे उपलब्धता दर्शाई जाती है। जांच आगे बढ़ी तो डॉ. आदित्य का नाम फैय्याज केयर अस्पताल में भी इसी जिम्मेदारी के साथ दर्ज मिला। एक ही चिकित्सक का दो अस्पतालों में पर्सन इंचार्ज के तौर पर नाम सामने आने पर सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने डॉ. आदित्य आर्या को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा।
डॉक्टर ने लिखकर दिया- अर्बन अस्पताल से मेरा वास्ता नहीं
नोटिस के जवाब में डॉ. आदित्य आर्या ने स्वास्थ्य विभाग के सामने चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने लिखित बयान में कहा कि वह फैय्याज केयर अस्पताल में ही पर्सन इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। अर्बन अस्पताल में उन्हें पर्सन इंचार्ज दिखाने के लिए कथित तौर पर उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया गया है। डॉक्टर के इस बयान के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे जांच का हिस्सा बना लिया है। अब उनके दावे और अस्पताल की ओर से जमा कराए गए रिकॉर्ड की तस्दीक की जा रही है।
पहले OT-पैथोलॉजी सील, फिर टूटी मिली
अर्बन अस्पताल पहले से ही स्वास्थ्य विभाग के रडार पर है। निरीक्षण के दौरान ओटी और पैथोलॉजी में खामियां मिलने पर डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी और डॉ. अजय की टीम ने दोनों को सील कर दिया था। इसके बाद मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब दोबारा निरीक्षण में ओटी और पैथोलॉजी पर लगी सील टूटी मिली। आरोप है कि सीलिंग के बावजूद वहां चिकित्सकीय गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और मरीजों की जांच व उपचार किया जा रहा था। इस मामले में अस्पताल प्रबंधक फिरोज को नोटिस जारी किया जा चुका है।
अस्पताल प्रबंधक फिरोज पर कस सकता है शिकंजा
सील तोड़ने के मामले के साथ अब डॉक्टर के दस्तावेजों के कथित गलत इस्तेमाल का प्रकरण भी जांच के दायरे में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग दोनों मामलों में अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की पड़ताल कर रहा है। डॉ. आदित्य आर्या का लिखित बयान भी जांच में शामिल कर लिया गया है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि एक चिकित्सक एक समय में एक ही अस्पताल में पर्सन इंचार्ज के रूप में कार्य कर सकता है। डॉ. आदित्य आर्या की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। यदि उनके आरोप सही पाए गए तो अर्बन अस्पताल के प्रबंधक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।