बरेली। अपराध के दम पर इलाके में दबदबा बनाने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तीन आरोपियों को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने छह-छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया है। तीनों पर अलग-अलग धाराओं में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दो आरोपियों पर आठ-आठ और तीसरे पर चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
तौकीब पर आठ मुकदमे, छह महीने बरेली में एंट्री बंद
परतापुर चौधरी निवासी तौकीब पुत्र सद्दीक के खिलाफ जिले के थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी ने उसे छह महीने के लिए जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया है। दूसरी कार्रवाई इज्जतनगर के कलारी निवासी अजय पुत्र शिवदयाल पटेल के खिलाफ हुई है। अजय पर विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन ने उसका रिकॉर्ड खंगालने के बाद गुंडा एक्ट के तहत छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया।
नेत्रपाल पर भी आठ मुकदमे, गुंडा एक्ट में कसा शिकंजा
मुड़िया अहमदनगर निवासी नेत्रपाल यादव पुत्र राम विलास भी प्रशासन की कार्रवाई की जद में आया है। नेत्रपाल के खिलाफ जिले के थानों में आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर उसे भी छह महीने के लिए बरेली से जिला बदर किया गया है। तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मिलाकर 20 मुकदमे हैं। अगस्त में गुंडा एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई के बाद तीनों को छह महीने तक जिले की सीमा से बाहर रहना होगा। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि लगातार आपराधिक गतिविधियों में नाम सामने आने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।