bareillyथाने पहुंचे कांग्रेसी नेता।

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने सदर थाने पहुंचकर तहरीर दी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए पहुंचे थाने

सोमवार दोपहर बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता टाउनहाल स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सदर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान चल रहा था, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही वहां से निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ गए। कांग्रेसियों ने इसे राष्ट्रगान के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए जांच की मांग की।

राष्ट्रगान पूरे देश के गौरव का प्रतीक

जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन और तहरीर देने वालों में पूर्व महानगर अध्यक्ष तस्नीम अली खान, पीसीसी सदस्य कृष्ण विनोद मिश्रा, फैजान अली खान, अनूप वर्मा, फरीद अली खान, फुरकान अहमद कुरैशी और गौरव त्रिपाठी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *