बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में पत्नी के प्रेम प्रसंग से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने उसकी पत्नी, पत्नी के प्रेमी और उसके चाचा पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के पहाड़गंज निवासी रमेश ने बताया कि उनका बेटा सन्नी कुमार उर्फ राहुल की वर्ष 2017 में काजल से शादी हुई थी। दोनों के दो बेटे और एक बेटी हैं। पिता का आरोप है कि काजल का पिछले करीब तीन साल से आकाश पुत्र विशन लाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर सन्नी ने पत्नी को समझाने का प्रयास किया था।

पत्नी के चाचा पर भी धमकाने का आरोप

रमेश के मुताबिक, बेटे ने जब काजल के कथित प्रेम संबंध की शिकायत उसके चाचा सूरज पुत्र ब्रजलाल से की तो उसने भी सन्नी को कथित तौर पर धमकाया। आरोप है कि सूरज ने उससे कहा कि काजल आकाश से प्यार करती है और वह चाहे तो फांसी लगाकर मर जाए। तहरीर में सूरज पर सन्नी के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है। परिजनों के अनुसार सन्नी हल्द्वानी में पत्नी के साथ रहकर पुताई का काम करता था। आरोप है कि 14 अगस्त को काजल अपने प्रेमी आकाश से मिलने बरेली आई थी। इसकी जानकारी होने पर सन्नी 15 अगस्त को बरेली पहुंचा और उसने पत्नी व आकाश को समझाने की कोशिश की। पिता का आरोप है कि दोनों ने उसे कथित तौर पर कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करते रहेंगे, वह चाहे तो फांसी लगा ले।

मोबाइल में वीडियो और सुसाइड नोट का जिक्र

तहरीर के मुताबिक, 18 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे सन्नी ने ग्राम पहाड़गंज स्थित अपने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता का कहना है कि सन्नी ने मोबाइल फोन में वीडियो बनाया था और सुसाइड नोट भी छोड़ा था। पुलिस चौकी अहलादपुर की पुलिस मोबाइल और अन्य सामान अपने साथ ले गई है। घटना के समय रमेश ने बताया कि वह वन्नूवाल कॉलोनी में कर्नल सुरेश प्रधान के मकान पर था। घटना के बाद उसने इज्जतनगर थाने में तहरीर देकर काजल, उसके कथित प्रेमी आकाश और काजल के चाचा सूरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *