bareillyमृतक का फाइल फोटो।

बरेली। गंगाजल लेने के लिए साथियों के साथ बाइक से कछला जा रहे बिथरी चैनपुर क्षेत्र के युवक की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बाइक के डिवाइडर से टकराने से हुआ या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

30 साथियों के साथ कछला के लिए निकला था पंकज

बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव रामचंद्रपुर मानपुर निवासी 36 वर्षीय पंकज खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके भाई कुंवरपाल के मुताबिक, रविवार शाम गांव से करीब 30 लोगों का जत्था गंगाजल लेने के लिए कछला रवाना हुआ था। पंकज भी बाइक से जत्थे के साथ जा रहे थे। जत्था भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास पहुंचा तभी पंकज की बाइक हादसे का शिकार हो गई। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोगों का कहना है कि बाइक डिवाइडर से टकराने अथवा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने की आशंका है। हालांकि हादसे की सही वजह अभी सामने नहीं आई है।

अस्पताल पहुंचे पंकज, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पंकज को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जत्थे में शामिल लोगों ने हादसे की जानकारी पंकज के परिजनों को दी तो घर में कोहराम मच गया। पंकज की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी रीना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा है। खेतीबाड़ी से परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले पंकज की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *