bareilly

बरेली। इज्जतनगर की रहने वाली एक विवाहिता ने एसबीआई में असिस्टेंट मैनेजर पति समेत छह लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला ने बताया कि 9 फरवरी 2022 को उसकी शादी रुद्रपुर निवासी अजय कुमार से हुई थी। अजय एसबीआई की सेक्टर-100, नोएडा शाखा में असिस्टेंट मैनेजर है। शादी में करीब 35 लाख रुपये खर्च किए गए। आठ लाख रुपये नकद, महिंद्रा एक्सयूवी-300 कार, जेवर और घरेलू सामान भी दिया गया। महिला का आरोप है कि शादी के दो महीने बाद पति, सास, ससुर और अन्य परिजन 50 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। कई बार खाना नहीं दिया गया और कमरे में बंद कर दिया गया।

जेठ के साथ रहने का भी दबाव

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ससुराल वाले उसे बड़े जेठ के साथ रहने के लिए मजबूर करते थे। विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। महिला का कहना है कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की वजह से उसका गर्भपात हो गया। 15 मई 2022 को उसके पिता की मौत के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।

नोएडा में मारपीट कर मांगे 50 लाख

महिला के मुताबिक 28 जून 2026 को नोएडा स्थित घर में पति ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि पति ने कहा कि उसने ग्रेटर नोएडा में 1.40 करोड़ रुपये का फ्लैट बुक किया है, इसलिए मायके से 50 लाख रुपये लेकर आओ। इसी दौरान महिला ने अपने भाइयों को फोन किया। सूचना पर पहुंचे परिजन डायल-112 पुलिस की मदद से उसे अपने साथ ले आए।

जेवर बैंक लॉकर में रखने का आरोप

महिला का आरोप है कि शादी में मिले जेवर और स्त्रीधन पति ने बैंक लॉकर में रख लिए हैं। वह सिर्फ पहने हुए कपड़ों में मायके लौटी। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *