बरेली। पुलिस लाइन में अनुशासन, प्रशिक्षण और व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल हुई। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने मंगलवार परेड का निरीक्षण कर जवानों की कदमताल, टर्नआउट और अनुशासन को बारीकी से परखा। परेड के दौरान उन्होंने जवानों के प्रदर्शन का अवलोकन किया और अधिकारियों को पुलिस बल की कार्यक्षमता को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
परेड समाप्त होने के बाद एसपी साउथ ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों, बैरकों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति को देखा। निरीक्षण के दौरान जहां सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइंस की व्यवस्थाएं ऐसी हों, जिससे जवानों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
प्रशिक्षु मुख्य आरक्षियों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण पूरा कर रहे प्रशिक्षु मुख्य आरक्षी बैच से भी एसपी दक्षिणी ने बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षण के अनुभव, सीख और व्यवहारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। प्रशिक्षुओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि ऐसी तैयारी कराना है जिससे हर पुलिसकर्मी किसी भी परिस्थिति में जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभा सके। प्रशिक्षकों से भी प्रशिक्षण को और अधिक व्यवहारिक बनाने पर जोर दिया गया।
अर्दली रूम में सुनी कर्मचारियों की बातें
निरीक्षण के बाद एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने अर्दली रूम आयोजित किया। यहां अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने लंबित मामलों और समस्याओं को रखा। एसपी ने एक-एक मामले की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों से जुड़े मामलों का अनावश्यक विलंब न हो और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग पर रहा जोर
मंगलवार का यह निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा। परेड से लेकर प्रशिक्षण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं तक हर पहलू की समीक्षा की गई। जवानों के अनुशासन, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नियमित निरीक्षण से न केवल कार्यप्रणाली में सुधार आता है, बल्कि पुलिस बल की कार्यकुशलता और जवाबदेही भी मजबूत होती है।