बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के हाफिजगंज गांव में 16 वर्षीय छात्रा की हत्या कर शव खेत में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर परिवार की नाराजगी की बात सामने आई है। पुलिस ने छात्रा के चाचा जयप्रकाश को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर मंगलवार दोपहर प्रशासन और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खेत की खुदाई कर शव बरामद किया गया। पुलिस अब छात्रा के गायब माता-पिता की तलाश कर रही है।
दसवीं की छात्रा थी लता, युवक से प्रेम-प्रसंग का था शक
हाफिजगंज निवासी प्रेमपाल की 16 वर्षीय बेटी लता दसवीं कक्षा में पढ़ती थी। पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक परिजनों को शक था कि छात्रा का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इसे लेकर परिवार में नाराजगी थी और छात्रा को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए चाचा जयप्रकाश ने पूछताछ में बताया कि छात्रा को उसी युवक के साथ दोबारा देखने के बाद 28 जुलाई की रात वारदात हुई। आरोप है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने ही खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।
चाचा की निशानदेही पर खुदा खेत, गड्ढे से निकला शव
मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अनुमति लेकर मंगलवार दोपहर खेत की खुदाई कराई गई। नायब तहसीलदार दीप्ति पाल और फॉरेंसिक यूनिट प्रभारी सुमेर सिंह की मौजूदगी में चाचा की निशानदेही पर बताए गए स्थान की खुदाई हुई, जहां से छात्रा का शव बरामद किया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है।
माता-पिता गायब, वारदात में भूमिका की होगी जांच
घटना सामने आने के बाद छात्रा के पिता प्रेमपाल और मां भी गायब बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। हत्या अथवा शव छिपाने में परिवार के किसी अन्य सदस्य की भूमिका रही या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक माता-पिता के सामने आने और पूछताछ के बाद ही स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
कैसे हुई मौत? पोस्टमार्टम खोलेगा राज
सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय के मुताबिक प्रशासनिक अनुमति के बाद छात्रा का शव निकाला गया है। चाचा जयप्रकाश को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर कार्रवाई की गई। डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।