बरेली। बड़े मार्ट से सामान खरीदने वालों के लिए चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इज्जतनगर इलाके के एक नामचीन मार्ट से खरीदी गई अंडों की क्रेट घर पहुंचते ही खोलते ही ग्राहक के होश उड़ गए। क्रेट में अंडे खराब और बदबूदार निकले। ग्राहक ने पूरे मामले का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद अंडों की सप्लाई करने वाली कंपनी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
किला-हार्टमैन क्षेत्र की रहने वाली शालिनी सिंह ने शनिवार को घर के पास स्थित एक बड़े मार्ट से अंडों की क्रेट खरीदी थी। घर पहुंचकर जैसे ही क्रेट खोली, उसमें रखे अंडे खराब मिले। दुर्गंध इतनी तेज थी कि ग्राहक हैरान रह गई। इसके बाद उन्होंने अंडों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बिलारी के पोल्ट्री फार्म से बरेली तक पहुंच रहे अंडे
खराब अंडों को लेकर मार्ट प्रबंधन से शिकायत की गई तो जिम्मेदारी लेने के बजाय मामला सेल्समैन और सप्लायर कंपनी की ओर मोड़ दिया गया। इसके बाद अंडों की सप्लाई करने वाली कंपनी को लेकर पड़ताल शुरू हुई तो कर्मचारी नगर स्थित मास्टर एग प्राइवेट लिमिटेड का नाम सामने आया। बताया गया कि मास्टर एग प्राइवेट लिमिटेड बरेली के बड़े मार्ट, थोक और फुटकर बाजार में अंडों की सप्लाई करती है। इन अंडों का उत्पादन मुरादाबाद के बिलारी स्थित किसान पोल्ट्री फार्म में होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि खराब अंडों की खेप सप्लाई चैन में कहां से निकली और मार्ट की शेल्फ तक पहुंचने से पहले इसकी जांच क्यों नहीं हुई।
कंपनी के सेल्समैन ने झाड़ा पल्ला, फोन पर सामने आई दूसरी बात
मामले में कंपनी के सेल्समैन शिव चावला से बात की गई तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए पल्ला झाड़ लिया। वहीं, क्रेट के रैपर पर दिए नंबर पर संपर्क करने पर विशाल नाम के व्यक्ति ने बात की। बातचीत में उसने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो आगे से ध्यान रखा जाएगा और दोबारा ऐसी शिकायत नहीं आएगी। उसके इस जवाब ने सप्लाई व्यवस्था पर और सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राहकों का सवाल सीधा है जब बड़े मार्ट में बिकने वाले खाद्य उत्पादों पर लोग भरोसा करके खरीदारी करते हैं, तो खराब अंडों की क्रेट वहां तक कैसे पहुंच गई। अगर एक क्रेट में खराब अंडे मिले हैं तो क्या इसी सप्लाई से दूसरे मार्ट और दुकानों पर भी अंडे पहुंचे हैं। वायरल वीडियो के बाद अब इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
वीडियो वायरल, खाद्य विभाग से जांच की मांग
मामला सामने आने के बाद लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से सप्लायर कंपनी और संबंधित मार्ट की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खाने-पीने की चीजों में ऐसी लापरवाही को हल्के में नहीं लिया जा सकता। खराब अंडों की सप्लाई की जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। खाद्य सहायक आयुक्त राहुल सिंह ने कहा कि उनके पास अभी इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।