बरेली। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को कमिश्नरी परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंडलायुक्त शम्भु कुमार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद अधिकारियों के साथ अमर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कमिश्नरी परिसर में पौधारोपण भी किया।
2047 तक विकसित भारत के लिए निभानी होगी जिम्मेदारी
समारोह को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का प्रतीक है। देश की आजादी उन वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने स्वतंत्र भारत का सपना देखते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। हम वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं। देश तभी तेजी से आगे बढ़ेगा, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार समेत कई क्षेत्रों में भारत ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अभी कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। विश्वास है कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित देशों की श्रेणी में मजबूती से खड़ा होगा। इसके लिए सभी को सशक्त अर्थव्यवस्था और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।
झंडा फहराने तक सीमित नहीं आजादी का अर्थ
मंडलायुक्त शम्भु कुमार ने कहा कि आजादी का मतलब केवल तिरंगा फहराना नहीं है। समाज में आपसी भाईचारा, दोस्ती, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करना भी स्वतंत्रता के मूल भाव का हिस्सा है। हर नागरिक को विचार करना चाहिए कि वह अपने स्तर पर भारत को आगे बढ़ाने के लिए क्या योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि आज भारत खाद्यान्न के मामले में उस मुकाम पर है, जहां अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ दूसरे देशों को भी खाद्यान्न भेज रहा है। स्वतंत्रता दिवस केवल अतीत के गौरव और बलिदान को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने का संकल्प भी है। शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को मजबूत कर ही देश का भविष्य और उज्ज्वल बनाया जा सकता है।
देशभक्ति गीतों से गूंजा कमिश्नरी परिसर
कार्यक्रम में अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल और संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार ने भी अपने विचार रखे। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त, अपर आयुक्त प्रशासन, अपर आयुक्त न्यायिक समेत कमिश्नरी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।