बरेली। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को जीआईसी ऑडिटोरियम देशभक्ति के रंग में रंग गया। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता की बहुत बड़ी कीमत चुकाई गई है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे। कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम और जिलाधिकारी अविनाश सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष और बलिदान का जिक्र करते हुए कहा कि सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने और अपने परिवार की चिंता तक नहीं की। उन्होंने क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खां का उदाहरण देते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। कहा कि नई पीढ़ी को यह समझना होगा कि आज जिस स्वतंत्र वातावरण में हम सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य बलिदान और लंबा संघर्ष है। उन्होंने विद्यार्थियों से अमर्यादित भाषा के प्रयोग से बचने का आह्वान किया। शिक्षकों से कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण की दिशा में भी प्रभावी भूमिका निभानी होगी।
2047 का विकसित भारत हम सबकी जिम्मेदारी: महापौर
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो सपना देखा है, वह प्रत्येक नागरिक के सहयोग और भागीदारी से ही साकार होगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सोशल मीडिया और सामान्य जीवन में मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने की अपील की।
भाषावाद-जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद अपनाएं: डीएम
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी संस्कृति और सभ्यता की ओर लौटना होगा और इसमें शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भाषावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करना होगा।
छात्राओं की प्रस्तुतियों ने भरा देशभक्ति का रंग
समारोह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रम और साहू राम स्वरूप इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महावीर प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज और कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंत्री और अधिकारियों ने प्रतिभागी छात्राओं को सम्मानित किया।
13 नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में जनपद के नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों डॉ. मोहम्मद फैजान, डॉ. मंजू शुक्ला, डॉ. अभिषेक कोहली, डॉ. सलमान अहमद, डॉ. रवि गौतम, डॉ. अंजुम रशीद फारूकी, डॉ. प्रणय शंखधर, डॉ. कुणाल जौहरी, डॉ. शोभित सिंह, डॉ. सुधांशु कुमार सिंह, डॉ. अजय अग्रवाल, डॉ. उन्नति प्रकाश और डॉ. प्रवीण कुमार सिंह को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
समारोह में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी सिटी मानुष पारीक, जिला विकास अधिकारी विकास कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, बीएसए, डीआईओएस, जिला सूचना अधिकारी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अवनीश यादव ने किया।