गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार लाल रंग की थार ने इवेंट पर जा रही पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीआरवी पर तैनात होमगार्ड कपिल कुमार और कांस्टेबल प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार की मौत हो गई, और कांस्टेबल का इलाज जारी है। पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
रात करीब 11:15 बजे इवेंट पर निकली थी PRV पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक, हादसा 12 अगस्त की रात करीब 11:15 बजे के आस पास हुआ। पीआरवी नंबर 9619 को गौतमबुद्ध नगर के गौर सिटी-2 से एक इवेंट मिला था। सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके के लिए निकल गए। पीआरवी क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से होते हुए गौतमबुद्ध नगर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में लाल रंग की थार तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। आरोप है कि चालक थार को तेज गति और अनियंत्रित तरीके से चला रहा था।
ऐसी लगी टक्कर, गंभीर रूप से घायल हुए दोनों पुलिसकर्मी
तभी अचानक थार ने PRV को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन होमगार्ड कपिल कुमार की हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कांस्टेबल प्रवीण का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थार कब्जे में, चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दुर्घटना में शामिल लाल रंग की थार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ACP बोलीं- आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हादसे में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल पुलिसकर्मी का उपचार चल रहा है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।