Tech News: टेक जगत में शनिवार को कई बड़े अपडेट सामने आए। एक ओर OnePlus के आगामी बजट स्मार्टफोन OnePlus N6 की लॉन्च से पहले अनबॉक्सिंग ने यूजर्स की उत्सुकता बढ़ा दी, वहीं Realme ने भारत में अपनी Realme 16 Series के दाम बढ़ाकर ग्राहकों को झटका दिया है। दूसरी ओर ASUS ने ग्राहकों के लिए नया ऑनलाइन Part Price Checker लॉन्च किया है, जबकि Vivo ने चीन में अपना प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन Vivo X Fold 6 पेश कर दिया है।

लॉन्च से पहले सामने आई OnePlus N6 की अनबॉक्सिंग

OnePlus का नया बजट स्मार्टफोन OnePlus N6 30 जून को भारत में लॉन्च होगा। लॉन्च से पहले इसकी रिटेल बॉक्स की तस्वीरें और अनबॉक्सिंग वीडियो सामने आए हैं। इससे साफ हो गया है कि कंपनी बॉक्स में 45W SuperVOOC फास्ट चार्जर, ट्रांसपेरेंट सिलिकॉन केस, USB Type-C केबल और पहले से लगा स्क्रीन प्रोटेक्टर देगी। फोन में 8,000mAh की बड़ी बैटरी, 50MP का प्राइमरी कैमरा, MediaTek Dimensity 6000 सीरीज प्रोसेसर और बेहतर हीट मैनेजमेंट के लिए बड़ा वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम मिलने की उम्मीद है। इसकी संभावित कीमत 25,000 रुपये से कम रह सकती है।

ASUS का नया टूल, घर बैठे पता चलेगी स्पेयर पार्ट्स की कीमत

ASUS ने भारत में ‘ASUS Part Price Checker’ नाम का नया ऑनलाइन टूल लॉन्च किया है। इसकी मदद से यूजर अब किसी भी ऐप या रजिस्ट्रेशन के बिना केवल अपने लैपटॉप का सीरियल नंबर दर्ज कर स्क्रीन, बैटरी, कीबोर्ड समेत अन्य ओरिजिनल स्पेयर पार्ट्स की कीमत ऑनलाइन देख सकेंगे। इससे सर्विस सेंटर जाने से पहले ही मरम्मत का अनुमान लगाना आसान होगा।

Vivo X Fold 6 हुआ लॉन्च

Vivo ने चीन में अपना नया फ्लैगशिप फोल्डेबल स्मार्टफोन Vivo X Fold 6 लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि इसमें 7,000mAh की बड़ी बैटरी और 200MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है। फोन में 8.02 इंच का Samsung M14 LTPO AMOLED इनर डिस्प्ले, 6.51 इंच की कवर स्क्रीन, MediaTek Dimensity 9500 Super Edition प्रोसेसर, 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज का विकल्प मिलता है। कैमरा सेटअप में 200MP मेन कैमरा, 50MP अल्ट्रा-वाइड, 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो और दोनों स्क्रीन पर 20MP-20MP सेल्फी कैमरे दिए गए हैं। चीन में इसकी शुरुआती कीमत 7,999 युआन (करीब 1.11 लाख रुपये) रखी गई है।

Realme 16 Series की कीमतों में बढ़ोतरी

Realme ने भारत में अपनी Realme 16 Series की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। टिप्स्टर संजु चौधरी के अनुसार, सीरीज के कुछ मॉडल 4,000 रुपये तक महंगे हुए हैं। Realme 16 Pro+ का टॉप वेरिएंट अब 52,999 रुपये की जगह 55,999 रुपये में मिलेगा। Realme 16 Pro के बेस वेरिएंट की कीमत 36,999 रुपये से बढ़कर 37,999 रुपये हो गई है। Realme 16 की कीमत भी 33,999 रुपये से बढ़ाकर 34,999 रुपये कर दी गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब ग्राहकों को इन स्मार्टफोन्स के लिए पहले से ज्यादा रकम खर्च करनी होगी। वहीं OnePlus, Vivo और ASUS के नए अपडेट्स ने टेक मार्केट में प्रतिस्पर्धा को और तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *