बरेली। भुता थाना क्षेत्र में एक हादसे में 42 वर्षीय किसान की जान चली गई। घर के बाहर खड़ी कार अचानक ढलान पर पीछे की ओर लुढ़कने लगी। कार को रोकने की कोशिश में किसान कार और दीवार के बीच बुरी तरह फंस गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

थाना क्षेत्र के केसरपुरा गांव निवासी 42 वर्षीय मृतक अर्जुन कुमार गुरुवार को अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान पड़ोसी की कार अचानक पीछे की ओर चलने लगी। कार को घर की ओर बढ़ता देख अर्जुन ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद कार और दीवार के बीच बुरी तरह दब गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण, अस्पताल में भर्ती

अर्जुन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन शुक्रवार रात उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उनकी पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। अर्जुन अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे मृतक के चाचा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *