बुलंदशहर। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गांव लौट रहे भारतीय सेना के जवान और राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी अमन सोलंकी उर्फ अमन फौजी (23) की सड़क हादसे में मौत हो गई। बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र में उनकी बाइक की डीजे लगे वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में अमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथी हृदेश तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए। जवान की मौत की खबर पहुंचते ही बुलंदशहर के खुर्जा स्थित उनके पैतृक गांव सुल्तानपुर में मातम छा गया।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे अमन

खुर्जा क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी अमन सोलंकी अपने साथी हृदेश तोमर के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर बाइक से गांव लौट रहे थे। बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र में मंडावली थाना क्षेत्र स्थित मोटा महादेव मंदिर बाईपास के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की डीजे लगे वाहन से टक्कर हुई। हादसा इतना भीषण था कि अमन की मौके पर ही मौत हो गई। हृदेश तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डेढ़ साल पहले सेना में हुए थे भर्ती

महज 23 साल के अमन सोलंकी करीब डेढ़ साल पहले ही भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वह सेना की 15 ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में तैनात थे और वर्तमान में राजस्थान के अलवर में उनकी पोस्टिंग थी। कम उम्र में सेना की वर्दी पहनने के बाद अमन गांव और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए थे।

कबड्डी के मैदान में भी बनाई थी पहचान

सेना के जवान होने के साथ अमन प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी भी थे। उन्होंने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया था। वर्ष 2024 में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद उनका चयन आर्मी की कबड्डी टीम के लिए हुआ था।

पार्थिव शरीर पहुंचा तो उमड़ा गांव

अमन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पार्थिव शरीर पैतृक गांव सुल्तानपुर पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग उमड़ पड़े। परिवार की आंखों के आंसू थम नहीं रहे थे और पूरे गांव में शोक का माहौल था। देशभक्ति के गीतों और नम आंखों के बीच अमन फौजी को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान ‘अमन फौजी अमर रहें’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, अमन तेरा नाम रहेगा’ के नारों से गांव गूंज उठा। सेना के युवा जवान और होनहार कबड्डी खिलाड़ी की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *