पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र के गढ़ा जंगल में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को क्षतिग्रस्त बाइक के पास एक टूटी नंबर प्लेट मिली। नंबर प्लेट ट्रक की निकली, जिसके बाद पुलिस ने ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क पर पड़े मिले दोनों युवक
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 1:45 बजे गजरौला थाना पुलिस को गढ़ा जंगल में सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। वहां दो युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले। उनकी पहचान माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया खास गांव निवासी विकास राठौर (23) पुत्र जशवंत और विशाल राठौर (26) पुत्र शंभू दयाल के रूप में हुई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह टूटा
घटनास्थल पर दोनों युवकों की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया था। इसी दौरान पुलिस को सड़क पर ट्रक की एक टूटी नंबर प्लेट मिली, जिस पर यूपी22 बीटी 2336 नंबर दर्ज था।
नंबर प्लेट ने खोला ट्रक का राज
पुलिस ने नंबर प्लेट पर दर्ज नंबर को वाहन चालान एप पर चेक किया तो वह एक ट्रक का निकला। इसके बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया आशंका जताई कि बाइक को इसी ट्रक ने टक्कर मारी होगी। पुलिस ने ट्रक की टोल डिटेल भी निकलवाई, जिसमें उसके पीलीभीत से पूरनपुर की ओर जाने की जानकारी सामने आई है।
सीसीटीवी और अन्य साक्ष्य खंगालेगी पुलिस
ट्रक की पहचान होने के बाद पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है। हादसे की असली वजह और ट्रक की भूमिका की पुष्टि के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। पुलिस अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की जांच आगे बढ़ा रही है।