bareillyमहिला को बचातीं पुलिसकर्मी।

बरेली। कैंट क्षेत्र में 200 गज के प्लॉट पर कथित कब्जे और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज एक ही परिवार की चार महिलाओं ने बुधवार सुबह कलक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया, लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल पेट्रोल की बोतल छीनकर उन्हें रोक लिया। घटना से कलक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाया और चारों को जिला अस्पताल भेजा गया।

मानपुर चिकटिया निवासी गौरव का आरोप है कि उनके परिवार के 200 गज के प्लॉट पर पड़ोसी राजवीर ने करीब दो महीने से कब्जा कर रखा है। आरोप है कि प्लॉट पर निर्माण भी कराया जा रहा है। मंगलवार सुबह परिवार की चार महिलाएं निर्माण कार्य रुकवाने के लिए मौके पर पहुंची थीं। गौरव का आरोप है कि उस समय कैंट थाने के हल्का प्रभारी दरोगा राकेश भी वहां मौजूद थे। महिलाओं ने निर्माण रोकने का विरोध किया तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।

पुलिस-प्रशासन से शिकायत, समाधान न मिलने का आरोप

गौरव के मुताबिक, प्लॉट के विवाद को लेकर परिवार कई बार पुलिस अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी और सदर एसडीएम से भी शिकायत कर चुका है। आरोप है कि लगातार गुहार लगाने के बाद भी विवाद का समाधान नहीं हुआ। इसी से परेशान होकर परिवार की महिलाओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर विरोध का यह कदम उठाया।

कलक्ट्रेट गेट पर छिड़का पेट्रोल, मचा हड़कंप

बुधवार सुबह गौरव की चाची कमलेश, ताई मुन्नी और बहन रोशनी व विमलेश परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कलक्ट्रेट गेट पहुंचीं। महिलाओं ने पुलिस-प्रशासन पर शिकायत की अनदेखी का आरोप लगाया। इसी दौरान उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं को पेट्रोल छिड़कते देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। कलक्ट्रेट गेट पर तैनात होमगार्ड संदीप शर्मा ने अन्य कर्मचारियों की मदद से महिलाओं के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और किसी तरह उन्हें आग लगाने से रोका।

डीएम तक पहुंचा मामला, जांच का भरोसा

घटना के दौरान इंटेलिजेंस के दरोगा ओमपाल सिंह भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी को मामले की जानकारी दी। इसके बाद महिलाओं को उनकी समस्या के जल्द निस्तारण और आरोपों की जांच कराने का भरोसा दिलाया गया। चारों महिलाओं को जिला अस्पताल भेजा गया। प्लॉट पर कब्जे, कथित मारपीट और पुलिस की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *