डोहरा रोड बरेली

बरेली। शहर में आशियाना बनाने और जमीन खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों की जेब पर अब और बोझ पड़ने वाला है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित नए सर्किल रेट जारी कर दिए गए हैं। नई सूची में पीलीभीत बाइपास-डोहरा रोड शहर का सबसे महंगा क्षेत्र बनकर उभरा है, जहां सर्किल रेट में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। जिले के कुछ चयनित गांवों में यह बढ़ोतरी करीब 25 फीसदी तक पहुंच रही है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद नई दरें 24 अगस्त से लागू करने की तैयारी है।

डोहरा रोड पर सबसे बड़ा उछाल, जमीन खरीदना पड़ेगा भारी

सदर तहसील क्षेत्र में पीलीभीत बाइपास-डोहरा रोड पर सर्किल रेट में सर्वाधिक 20 फीसदी तक वृद्धि प्रस्तावित की गई है। रामगंगा नगर समेत डोहरा रोड के आसपास तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों और बढ़ते बाजार मूल्य का असर प्रस्तावित दरों में साफ दिखाई दे रहा है। सदर तहसील के प्रथम क्षेत्र में अकृषक भूमि के सर्किल रेट में शून्य से 20 फीसदी और कृषि भूमि में शून्य से 12 फीसदी तक वृद्धि का प्रस्ताव है। व्यावसायिक एकल भूमि में औसतन 10 फीसदी, कॉम्प्लेक्स रेट में करीब पांच फीसदी और निर्माण दरों में शून्य से 10 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। सदर के द्वितीय रजिस्ट्री कार्यालय क्षेत्र में कृषि, अकृषक और व्यावसायिक एकल भूमि की दरों में भी शून्य से 20 फीसदी तक वृद्धि प्रस्तावित है। वाणिज्यिक भवनों के कॉम्प्लेक्स रेट में बढ़ोतरी 16 फीसदी तक प्रस्तावित की गई है।

सिविल लाइंस में 79,200 रुपये प्रति वर्गमीटर तक पहुंच सकती है दर

प्रस्तावित सूची में शहर के प्रमुख इलाकों की जमीन भी और महंगी होने जा रही है। सिविल लाइंस में वर्तमान सर्किल रेट 66 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर है, जिसे बढ़ाकर 72,600 से 79,200 रुपये प्रति वर्गमीटर तक करने का प्रस्ताव है। रहीम पैलेस क्षेत्र में मौजूदा 27 हजार रुपये की दर बढ़ाकर 29,700 से 32,400 रुपये, ईसाइयों की पुलिया क्षेत्र में 25,500 से बढ़ाकर 28,050 से 30,600 रुपये और आनंद लोक में 25 हजार से बढ़ाकर 27,500 से 30 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर करने का प्रस्ताव है। मेगा मेंशन के आसपास 23 हजार रुपये की मौजूदा दर को 25,300 से 27,600 रुपये प्रति वर्गमीटर तक ले जाने की तैयारी है।

कुतुबखाना में पहले ही 94 हजार, अब और चढ़ेंगे भाव

शहर के कई पॉश और व्यावसायिक इलाकों में जमीन के सर्किल रेट पहले से ही काफी ऊंचे हैं। रामपुर बाग चौराहे से बरेली कॉलेज तक जमीन की दर करीब 79 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर रही है। चौकी चौराहे से संजय कम्युनिटी हॉल तक भी यही दर है। तोमर अस्पताल चौराहे से एलआईसी कार्यालय तक सर्किल रेट करीब 82 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर और कुतुबखाना के आसपास करीब 94 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर रहा है। प्रस्तावित संशोधन लागू होने के बाद इन क्षेत्रों में जमीन और रजिस्ट्री का खर्च और बढ़ सकता है।

मीरगंज-नवाबगंज में भी जमीन होगी महंगी

मीरगंज तहसील में कृषि और अकृषक भूमि की दरों में 10 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। अन्य श्रेणी की जमीन में भी करीब 20 फीसदी वृद्धि की तैयारी है। प्रमुख मार्गों की दरों को मौजूदा बाजार मूल्य के करीब लाने का प्रस्ताव किया गया है। नवाबगंज में कृषि और अकृषक भूमि के सर्किल रेट पांच से 20 फीसदी तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। व्यावसायिक एकल भूमि में औसतन 10 फीसदी बढ़ोतरी प्रस्तावित है। यहां 91 सेगमेंट चिह्नित किए गए हैं। बथुआ और ज्योरा मकरंदपुर को अर्धनगरीय क्षेत्र में शामिल करने का भी प्रस्ताव है।

बहेड़ी में बने चार नए रोड सेगमेंट

बहेड़ी तहसील में चार नए रोड सेगमेंट चिह्नित किए गए हैं। इनमें नारायण नगला पुल से गुरसौली, गन्ना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से जाम सावंत जनूबी, देवरनिया रेलवे फाटक से मुड़िया बाजार और जहानाबाद रोड पर सेवाराम ट्रेडर्स से कुंडरा सीमा तक के क्षेत्र शामिल हैं। यहां कृषि और गैर कृषि भूमि की दरों में पांच से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। आंवला तहसील में अकृषक, वाणिज्यिक और अन्य श्रेणी की भूमि में सामान्यतः करीब 10 फीसदी वृद्धि प्रस्तावित है। औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़े क्षेत्रों में कृषि भूमि की दरों में अलग-अलग बढ़ोतरी की गई है। भमोरा में करीब पांच फीसदी, जबकि नौ चयनित गांवों में करीब 25 फीसदी तक वृद्धि प्रस्तावित है, जो जिले में सर्वाधिक है।

17 अगस्त तक आपत्ति, 24 से नई दरें लागू करने की तैयारी

संशोधित सर्किल रेट का प्रस्ताव 11 अगस्त को प्रकाशित किया गया है। प्रस्तावित दरों पर 17 अगस्त तक आपत्तियां और सुझाव लिए जाएंगे। इसी दिन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों, बार एसोसिएशन, दस्तावेज लेखक संघ, विभिन्न संगठनों और आम लोगों के साथ बैठक प्रस्तावित है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 20 अगस्त को अंतिम सूची हस्ताक्षर के लिए प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद 24 अगस्त से नए सर्किल रेट लागू करने की तैयारी है।

एडीएम बोले—आपत्तियों के बाद जारी होगी फाइनल सूची

एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह के मुताबिक प्रस्तावित सर्किल दरें जारी कर दी गई हैं। प्रमुख क्षेत्रों में सड़क और स्थान की महत्ता को ध्यान में रखकर दरें तय की गई हैं। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 24 अगस्त को अंतिम सूची जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *