बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छोटे भाई के साथ बकरी चराने गई किशोरी को दो युवक जबरन गन्ने के खेत में खींच ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

छोटा भाई खेलता रहा, किशोरी को खेत में खींच ले गए आरोपी

नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय किशोरी रविवार शाम अपने छोटे भाई के साथ गांव के बाहर बकरी चराने गई थी। उसका भाई कुछ दूरी पर खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी गांव का विमलेश अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। दोनों किशोरी को जबरन खींचकर पास के गन्ने के खेत में ले गए। आरोप है कि खेत में दोनों युवकों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।

0

मां पहुंची थाने, दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही किशोरी की मां उसे लेकर नवाबगंज थाने पहुंचीं। उनकी तहरीर पर पुलिस ने विमलेश और उसके साथी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। किशोरी के बयान दर्ज करने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

SSP पहुंचे घटनास्थल, आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

SOG समेत तीन टीमें मैदान में, ठिकानों पर दबिश

आरोपियों की तलाश में नवाबगंज पुलिस के साथ एसओजी समेत तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *