बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली मुस्लिम युवती ने प्रेमी अमित पर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग, शादी से मुकरने के आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि मोहित ने करीब छह साल तक उसे शादी का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाए रखा। आरोप है कि इस दौरान अमित ने उसके साथ अवैध संबंध बनाए, जिनका उसने वीडियो बना लिया। अब निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आठ लाख रुपये मांग रहा है। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
युवती के मुताबिक, बारादरी के जगतपुर निवासी मोहित कुमार कन्नौजिया पुत्र मनोहर पाल सिंह लगातार शादी करने का भरोसा देता रहा। इसी भरोसे के बीच उसने कई बार जबरदस्ती संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी निजी फोटो और वीडियो भी बना लिए, जिन्हें अब उसके खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। 5 अप्रैल की रात आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि मोहित ने शिकायत करने पर निजी वीडियो वायरल करने और उसे व उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। धमकियों के बाद युवती ने खुद को मानसिक रूप से परेशान बताया है।
कचहरी में हुआ समझौता, फिर भी शादी से पीछे हटा
पीड़िता का कहना है कि शादी को लेकर दोनों के बीच 13 जुलाई 2026 को कचहरी में नोटरी समझौतानामा भी हुआ था। इसके बावजूद आरोपी अब शादी से पीछे हट रहा है। पीड़िता ने आर्थिक शोषण का भी आरोप लगाया गया है। युवती के मुताबिक, मोहित ने उससे करीब दो लाख रुपये नकद लिए और उसके खाते से करीब तीन लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए। अब फोटो-वीडियो डिलीट करने के नाम पर आठ लाख रुपये मांगने का आरोप है।
मोहित के परिवार पर भी साथ देने का आरोप
पीड़िता ने मोहित के मामा लक्ष्मी नारायण, मां बिरजा देवी और बहन शशि कन्नौजिया पर भी उसके साथ देने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि इन लोगों से उसे और उसके परिवार को खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने एसएसपी अनुराग आर्य से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। अब पुलिस जांच में यह साफ होगा कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और पूरे मामले के पीछे वास्तविक घटनाक्रम क्या है।