Bareilly News: भोजीपुरा पुलिस ने सोमवार देर रात 20 हजार रुपये के इनामी गौकशी आरोपी जाहिद उर्फ अंडा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने अपने साथी के साथ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जाहिद के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में सिपाही विकास घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। घायल सिपाही और आरोपी दोनों को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया। आरोपी जाहिद उर्फ अंडा गौकशी और पुलिस पर फायरिंग के मामलों में फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी अनुराग आर्य ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया था जाल
सोमवार रात प्रभारी चौकी धौरा टांडा उपनिरीक्षक पवन कुमार और पुलिस टीम घुरसमसपुर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश अपने साथी के साथ बाइक से गुजरने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक वीवो मोबाइल फोन और हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद हथियारों और सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फरार साथी अजीम की तलाश में दबिश
पूछताछ में जाहिद ने बताया कि उसका साथी अजीम पुत्र यामीन उर्फ मोती निवासी सैदपुर चुन्नीलाल भी उसके साथ था। मुठभेड़ के दौरान वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि जनवरी 2026 में उसने साथियों के साथ सिंघाई नवदिया के जंगल में गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा 14 फरवरी 2026 को पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की थी। इन दोनों मामलों में वह वांछित चल रहा था।
आधा दर्जन मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जाहिद उर्फ अंडा के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। भोजीपुरा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में गौकशी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।