बरेली। साल खत्म होने से पहले बरेली के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिल सकती है। रेलवे बरेली-आगरा और रोजा-शाहजहांपुर-दिल्ली के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने की तैयारी कर रहा है। प्रस्ताव पर रेलवे स्तर पर मंथन जारी है और इसे जल्द अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
आगरा रूट पर लंबे समय से थी मांग
बरेली से मथुरा और आगरा के लिए फिलहाल कोई नियमित इंटरसिटी ट्रेन उपलब्ध नहीं है। यात्रियों की ओर से लंबे समय से इस रूट पर सीधी और नियमित ट्रेन चलाने की मांग उठाई जाती रही है। इसी को देखते हुए रेलवे अब बरेली-आगरा इंटरसिटी के संचालन की संभावनाएं तलाश रहा है।
दिल्ली के लिए भी नई कवायद
बरेली-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को पहले कासगंज शिफ्ट किए जाने के बाद रेलवे ने नए सिरे से योजना बनानी शुरू की है। इसके तहत रोजा और शाहजहांपुर को जोड़ते हुए दिल्ली तक नई इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इससे बरेली मंडल के यात्रियों को राजधानी तक बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
जयपुर तक वंदे भारत चलाने की तैयारी
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से बरेली, मथुरा, आगरा और जयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। रेलवे इस रूट का सर्वे पहले ही करा चुका है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो यात्रियों को हाईस्पीड और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
मेमू-डेमू ट्रेनों की भी बढ़ेगी रफ्तार
रेलवे 200 किलोमीटर तक की दूरी के लिए मेमू और डेमू ट्रेनों को अधिक तेज और सुविधाजनक बनाने की योजना पर भी काम कर रहा है। वर्तमान में ये ट्रेनें पैसेंजर श्रेणी में संचालित होती हैं, लेकिन भविष्य में इन्हें एक्सप्रेस ट्रेनों की तर्ज पर चलाने की तैयारी है ताकि कम समय में अधिक दूरी तय की जा सके।
रेलवे अधिकारियों ने दी जानकारी
एडीआरएम मनोज कुमार ने बताया कि कई नई ट्रेनों के संचालन की दिशा में कार्य चल रहा है। रेल मार्गों की औसत गति बढ़ने से नई सेवाओं की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि आगरा और दिल्ली के लिए नियमित इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा जयपुर तक वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन का प्रस्ताव विचाराधीन है। साथ ही मेमू और डेमू ट्रेनों की गति बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।