बरेली। आला हजरत के सालाना उर्स के दूसरे दिन अकीदतमंदों का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा शहर इबादत और अकीदत के रंग में रंग गया। जुमे का मुबारक दिन होने के कारण देश-विदेश से लाखों जायरीन दरगाह पहुंचे। इस्लामिया मैदान में दोपहर के समय लाखों लोगों ने एक साथ जुमे की नमाज अदा की। हल्की बारिश और कीचड़ भी जायरीनों की आस्था को डिगा नहीं सके। लोगों ने गीली जमीन पर प्लास्टिक बिछाकर पूरी श्रद्धा के साथ नमाज अदा की।
बारिश के चलते इस्लामिया मैदान और वहां बिछे कारपेट कीचड़ से भर गए थे, लेकिन नमाजियों का उत्साह कम नहीं हुआ। मैदान के अलग-अलग हिस्सों में लोगों ने प्लास्टिक शीट बिछाकर नमाज पढ़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे जायरीनों के कारण काफी देर तक चरणबद्ध तरीके से नमाज का सिलसिला चलता रहा और आने-जाने वालों की आवाजाही भी लगातार बनी रही।
दरगाहों पर चादरपोशी और दुआओं का सिलसिला
नमाज के बाद आला हजरत दरगाह और ताजुश्शरिया दरगाह पर जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने चादर और गुलपोशी पेश कर मुल्क में अमन, खुशहाली और अपनी मन्नतों के लिए दुआएं मांगीं। इसी दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की ओर से भेजी गई चादर भी कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दरगाह पर अकीदत के साथ पेश की।
लंगरखानों से बाजारों तक उमड़ी भीड़
इबादत के बाद जायरीनों ने शहर भर में लगे लंगरखानों में प्रसाद और भोजन ग्रहण किया। उर्स के चलते इस्लामिया मैदान, बिहारीपुर पुलिस चौकी, नावेल्टी चौराहा, जिला पंचायत और कुतुबखाना तक का पूरा इलाका विशाल मेले में तब्दील नजर आया। बाजारों में मिठाइयों, धार्मिक किताबों, सुरमा, कपड़ों, बच्चों के खिलौनों और अन्य सामान की दुकानों पर देर शाम तक भारी भीड़ रही। उर्स के दूसरे दिन देर रात विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और कौमी मुद्दों पर उलेमाओं की तकरीरों का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में जायरीनों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।