बरेली। ट्रेन में बिना टिकट सफर करने वालों, महिला कोच में घुसने वालों और यात्रा के दौरान हुड़दंग मचाने वालों के लिए अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नियमों को और सख्त कर दिया है। नए नियम आज से लागू हो गए हैं, जिनके तहत कई मामलों में जुर्माने की रकम कई गुना बढ़ा दी गई है।

सीएमआई मो इमरान ने बताया कि अब बिना टिकट या गलत टिकट पर यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्रियों को कम से कम 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इससे बेटिकट यात्रा पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और राजस्व नुकसान भी कम होगा। कई लोग दूसरे के आरक्षित टिकट पर यात्रा कर लेते हैं। अब ऐसे यात्रियों पर भी सख्ती होगी। टिकट जब्त करने के साथ न्यूनतम 500 रुपये का अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा।

ट्रेन में गंदगी और सामान बेचने पर लगेगा जुर्माना

ट्रेन में शराब पीकर उत्पात मचाना, गाली-गलौज करना, थूकना या गंदगी फैलाना अब सीधे जेब पर असर डालेगा। पहली बार पकड़े जाने पर 1 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। दोबारा गलती करने पर 5 हजार रुपये तक का दंड या जेल की कार्रवाई भी हो सकती है। इसके अलावा ट्रेन और रेलवे परिसर में फेरी लगाना या भीख मांगना अब महंगा पड़ेगा। ऐसे मामलों में 2 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। इससे यात्रियों की परेशानी कम होगी और स्टेशनों पर व्यवस्था बेहतर बनेगी।

महिला कोच में घुसने और धूम्रपान पर होगी सख्त कार्रवाई

महिला डिब्बों में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले पुरुष यात्रियों पर अब 2500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं ट्रेन या रेलवे स्टेशन परिसर में धूम्रपान करते पकड़े जाने पर 2 हजार रुपये तक का जुर्माना देना होगा। रेलवे लगातार धूम्रपान मुक्त यात्रा को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है।

खतरनाक सामान ले जाना सबसे महंगा अपराध

ज्वलनशील, विस्फोटक या अन्य खतरनाक सामान लेकर यात्रा करने वालों पर रेलवे ने सबसे कड़ा रुख अपनाया है। ऐसे मामलों में न्यूनतम 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी होगी। रेलवे ने यात्रियों से नियमों का पालन करने, वैध टिकट के साथ यात्रा करने और ट्रेन व स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि इन सख्त नियमों का मकसद यात्रियों को परेशानी में डालना नहीं, बल्कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *