बरेली। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने सरकार की उपलब्धियों को देश के विकास का स्वर्णिम अध्याय बताया। गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों, कोरोना महामारी और अंतरराष्ट्रीय संकटों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती से संभाले रखा और दुनिया के सामने एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा।
उन्होंने कहा कि जहां दुनिया के अनेक देशों में महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी, वहीं भारत में केंद्र सरकार की प्रभावी नीतियों के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। सरकार ने सप्लाई चेन को मजबूत बनाकर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की, जिससे आम नागरिकों पर महंगाई का दबाव अपेक्षाकृत कम रहा। राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि पिछले एक दशक में आयकर व्यवस्था में व्यापक सुधार हुए हैं। वर्ष 2013-14 की तुलना में अब करदाताओं को अधिक राहत मिली है। टैक्स स्लैब में किए गए बदलावों का सीधा लाभ मध्यम वर्ग को मिला है। इसके साथ ही कर संग्रह में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति और मजबूत हुई है।
लोगों का बैंकिंग व्यवस्था पर बढ़ा भरोसा
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनधन, डिजिटल इंडिया और अन्य वित्तीय समावेशन योजनाओं के चलते लोगों का बैंकिंग व्यवस्था पर भरोसा बढ़ा है। बैंक जमा राशि में वृद्धि हुई है और डिजिटल लेन-देन के विस्तार से वित्तीय पारदर्शिता को नई मजबूती मिली है। इससे कर संग्रहण व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनी है। गरीबी उन्मूलन को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर बोले – SIT जांच का इंतजार
राम मंदिर चढ़ावा और चोरी प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता विकास और सुशासन के आधार पर निर्णय लेती है। विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है, जबकि भाजपा सरकार विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर वनमंत्री अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, बरेली भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, पूरण लाल लोधी, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, डॉ निर्भय गुर्जर, डॉ आदेश गंगवार, अंकित शुक्ला, राहुल साहू, अभय चौहान, राजीव साहनी आदि उपस्थित रहे।