चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार को उस समय तनाव फैल गया जब हेमकुंड साहिब से लौट रहे निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तलवारबाजी तक की नौबत आ गई। घटना में चार स्थानीय लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने बद्रीनाथ हाईवे जाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, फिर चली तलवारें

जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब से लौट रहे कुछ निहंग श्रद्धालुओं की कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान तलवारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे चार स्थानीय लोग घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने चौकी परिसर, पंचपुलिया और बद्रीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हाईवे जाम होने से यात्रियों और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तनाव के बीच रोकी गई यात्रा

इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन गौचर में यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *