bareilly

Bareilly News: नवाबगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर की रसोई में बर्तन रखते समय चूहा पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में छिपे जहरीले सांप ने महिला को डस लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव हरीनगर निवासी 45 वर्षीय सुनीता मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति भगवान दास ई-रिक्शा चालक हैं। शुक्रवार शाम सुनीता गांव के ही एक किसान के खेत से मजदूरी कर घर लौटी थीं। घर पहुंचने के बाद उन्होंने परिवार के लिए खाना बनाया और पति व दोनों बच्चों को भोजन कराया।

खाना खाने के बाद धो रही थी बर्तन

खाना खिलाने के बाद वह बर्तन धोकर रसोई में रखने लगीं। इसी दौरान एक थाली जमीन पर गिर गई। सुनीता जैसे ही थाली उठाने के लिए झुकीं, वहां रखे चूहा पकड़ने वाले पिंजरे में पहले से मौजूद जहरीले सांप ने उनके दाहिने हाथ की अंगुली में डस लिया। सांप के काटने के बाद सुनीता ने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग रसोई में पहुंचे तो पिंजरे में फंसे सांप को देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते सुनीता की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने लगीं।

अस्पताल में महिला ने ली आखिरी सांस

घबराए परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें पीलीभीत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *