up newsप्रदर्शन करते कर्मचारी

बरेली/शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने रोडवेज विभाग को झकझोर दिया। तिलहर क्षेत्र के धनेली पल्तू गांव के पास रोहिलखंड डिपो की बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक प्रमोद (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसा रात करीब 1:40 बजे हुआ, जब ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही रोडवेज बस संभल नहीं सकी और सीधे ट्रक में घुस गई। हालांकि हादसे के बाद केवल ट्रक चालक की गलती ही नहीं, बल्कि रोडवेज की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे रूट पर एक ही चालक की तैनाती हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।

0

एक चालक के भरोसे रातभर दौड़ती रही बस, मौत ने खोल दी पोल

हादसे के बाद संविदा चालकों और परिचालकों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि नियमों के अनुसार लंबी दूरी की बसों में दो चालक होने चाहिए, लेकिन संबंधित बस में केवल एक चालक को भेजा गया था। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार ड्राइविंग के दौरान झपकी आना स्वाभाविक है और विभाग की इसी लापरवाही ने एक चालक की जान ले ली। चालक प्रमोद की मौत की खबर जैसे ही बरेली पहुंची, रोडवेज कर्मियों ने विरोध का बिगुल फूंक दिया। गुरुवार सुबह पांच बजे से संविदा चालक और परिचालक काम पर नहीं पहुंचे और बसों के पहिए थम गए। रोडवेज बस अड्डों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि कई यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।

0

जब तक सुरक्षा नहीं, तब तक संचालन नहीं

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होगा और लंबे रूटों पर दो चालक तैनात नहीं किए जाएंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों पर चालक हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। रोहिलखंड डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार बाजपेयी ने बताया कि हालात सामान्य करने के लिए यूनियन पदाधिकारियों से बातचीत की जा रही है। विभाग की प्राथमिकता बस संचालन बहाल करना और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निकालना है। उधर पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की भूमिका, बस की गति, चालक की कार्य अवधि और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के पीछे अचानक ब्रेक जिम्मेदार थे या फिर व्यवस्था की कोई बड़ी चूक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *