बरेली। बुधवार रात आई तेज आंधी और तूफान ने शहर में भारी तबाही मचा दी। कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया में एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय केहरी सिंह की मौत हो गई। वह अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी पड़ोसी के मकान की छत पर लगा सोलर पैनल तेज हवा के कारण उड़कर उनके ऊपर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल केहरी सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

इसी हादसे में पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय सविता भी घायल हो गई। उसके ऊपर भी सोलर पैनल गिरने से दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। तेज आंधी के दौरान थाना कैंट क्षेत्र स्थित संत मुनि आश्रम परिसर में एक पुराना पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से वहां मौजूद कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

तीन घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती

पेड़ गिरने से हरीश (26), रवि (30) और पप्पू उर्फ मोंटी (75) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार हरीश के हाथ में फ्रैक्चर है, जबकि रवि के सिर और कमर में चोटें आई हैं। पप्पू उर्फ मोंटी के सिर में गंभीर चोट लगी है। हादसे में रामभरी (50) भी घायल हुईं। हालांकि उन्हें मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया। सभी घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अस्पताल पहुंचे इंस्पेक्टर, लिया घायलों का हाल

कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से भी बातचीत की और घटनाओं की जानकारी ली। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। आंधी का असर शहर के कई हिस्सों में देखने को मिला। पीलीभीत बाइपास स्थित पासपोर्ट कार्यालय के सामने लगा बड़ा विज्ञापन बोर्ड झुक गया। एक बारातघर का मुख्य गेट टूट गया, जबकि श्यामगंज इलाके में एक मकान की छत गिर गई। मलूकपुर क्षेत्र में छत पर लगा सौर ऊर्जा पैनल उड़ गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

पेड़ गिरने से ऑटो चालक भी घायल

सेटेलाइट बस अड्डे के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में आकर एक ऑटो चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा। पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। राजस्व विभाग को आंधी से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और कमजोर ढांचों, पेड़ों तथा खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *