बदायूं। फैजगंज बेहटा में शुक्रवार सुबह मेंथा प्लांट की टंकी की सफाई के दौरान हुए हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। जहरीली गैस से भरी टंकी में दम घुटने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर हालत में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। एक ही परिवार पर टूटे इस दुख के पहाड़ से गांव में मातम पसरा हुआ है।
थाना क्षेत्र के सुरेनी पापड़ी गांव निवासी 32 वर्षीय जयवीर यादव, 22 वर्षीय राजेश यादव और 26 वर्षीय मनवीर यादव मेंथा प्लांट की टंकी की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान टंकी के भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आकर एक भाई बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दूसरा और फिर तीसरा भाई भी टंकी में उतर गया, लेकिन कुछ ही पलों में तीनों गैस के प्रभाव से अचेत हो गए।
चीख-पुकार मची तो दौड़े ग्रामीण
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों भाइयों को टंकी से बाहर निकाला। तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसफपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से अचेत मनवीर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि मेंथा प्लांट की टंकियों में सफाई के दौरान जहरीली गैस जमा हो जाती है। ऐसे कार्यों में ऑक्सीजन, गैस परीक्षण और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य माना जाता है, लेकिन अक्सर इन नियमों की अनदेखी की जाती है। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि जहरीली गैस के कारण ही यह बड़ा हादसा हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की जा रही है। एक ही घर के दो जवान बेटों की मौत और तीसरे की गंभीर हालत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक तीनों भाई मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है और शोक की लहर दौड़ गई है।