बरेली। प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी स्थानांतरण सूची में बरेली मंडल के चारों जिले बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर प्रभावित हुए हैं। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि विभिन्न जनपदों से नए पुलिस उपाधीक्षकों की तैनाती कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की कवायद की गई है।
बरेली- बदायूं में भी बदले समीकरण
बरेली से हर्ष मोदी को उन्नाव और गौरव सिंह को देवरिया भेजा गया है। वहीं जौनपुर से देवेश सिंह-II और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट से हेमंत उपाध्याय को बरेली में नई तैनाती मिली है। इसके अलावा मंडलाधिकारी दयाशंकर द्विवेदी को मेरठ भेजा गया है। वहीं बदायूं से रजनीश कुमार उपाध्याय का तबादला कासगंज और कृष्ण कुमार तिवारी का स्थानांतरण 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा किया गया है। वहीं संभल से आलोक सिद्धू और देवरिया से अंशुमान श्रीवास्तव को बदायूं भेजा गया है।
शाहजहांपुर में सबसे ज्यादा बदलाव
तबादला सूची में शाहजहांपुर सबसे अधिक प्रभावित जिलों में रहा। यहां तैनात पुलिस उपाधीक्षक पंकज पंत को रामपुर, प्रयांक जैन को एडीजी जोन प्रयागराज में स्टाफ ऑफिसर तथा अजय कुमार राय को जौनपुर भेजा गया है। वहीं मुख्यमंत्री सुरक्षा लखनऊ से जितेंद्र कुमार-II, आगरा से दीपक कुमार सिंह-II, वाराणसी कमिश्नरेट से विदुषी सक्सेना और मुजफ्फरनगर से देवव्रत बाजपेयी को शाहजहांपुर में नई तैनाती दी गई है।
पीलीभीत में भी बड़ा फेरबदल
पीलीभीत से दीपक चतुर्वेदी को हापुड़, प्रतीक दहिया को कमिश्नरेट लखनऊ और राजीव रंजन श्रीवास्तव को कमिश्नरेट आगरा भेजा गया है। इनके स्थान पर चित्रकूट से राज कमल और सोनभद्र से राहुल पांडेय-II को पीलीभीत की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी इस तबादला सूची को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंडल के चारों जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती से पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।