मोबाइल मालिकों और पुलिस कर्मियों के साथ एसपी साउथ अंशिका वर्मा

बरेली। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसके वापस मिलने की उम्मीद अक्सर खत्म हो जाती है, लेकिन बरेली पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और सक्रिय कार्रवाई से सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। मई माह में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 462 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये आंकी गई है।

रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविन्द्रालय में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में एसपी साउथ ने बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के लिए यह पल बेहद भावुक रहा। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बरेली पुलिस का आभार जताया और कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल सकेगा।

सर्विलांस और साइबर टीम की मेहनत लाई बड़ी सफलता

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश में सर्विलांस सेल, साइबर टीमों और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने संयुक्त अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की। टीम ने आधुनिक तकनीक और भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से गुम हुए मोबाइल फोन ट्रैक किए। लगातार तकनीकी निगरानी, डेटा विश्लेषण और फील्ड कार्रवाई के जरिए बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए गए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को मिला सम्मान

मोबाइल बरामदगी अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली थाना प्रेमनगर, कैंट, किला, सीबीगंज, शाही, विशारतगंज, अलीगंज, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, भोजीपुरा, शीशगढ़, देवरनियां, शेरगढ़, नवाबगंज और हाफिजगंज की साइबर टीमों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीमों के पुलिसकर्मियों को एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

डेढ़ साल में 10.5 करोड़ के 5259 मोबाइल बरामद

बरेली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 से मई 2026 तक कुल 5259 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 10.5 करोड़ रुपये है। यह उपलब्धि प्रदेश में मोबाइल रिकवरी के क्षेत्र में बरेली पुलिस की सक्रियता, तकनीकी क्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *