Social Sharing icon

चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने एक ऐसे लूट गैंग का पर्दाफाश किया है, जिसमें शामिल चारों आरोपी छात्र निकले। पुलिस के मुताबिक महंगे शौक और लग्जरी लाइफस्टाइल की चाहत ने इन युवकों को अपराध की राह पर धकेल दिया। आरोपियों ने एक कलेक्शन एजेंट से नकदी से भरा बैग लूट लिया था। मामले की जांच में पुलिस ने करीब 70 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

25 किलोमीटर तक खंगाले गए CCTV फुटेज

पुलिस के अनुसार 21 मई को मुगलसराय क्षेत्र में एक कलेक्शन एजेंट से लूट की वारदात हुई थी। पीड़ित ने बताया था कि दो बाइकों पर आए युवकों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 1.34 लाख रुपये बताए गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके के करीब 25 किलोमीटर दायरे में लगे 70 CCTV कैमरों की फुटेज चेक की। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को आरोपियों का सुराग मिला।

चार छात्र गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस ने चौरहट स्थित ओपी गार्डन के सामने से चार युवकों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आर्यन श्रीवास्तव, शिवांग पांडे, मोहम्मद तारीक उर्फ आर्यन और देव सरकार उर्फ दयाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महंगे शौक पूरे करना चाहते थे और इसी वजह से उन्होंने लूट की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि उनमें से एक अपनी गर्लफ्रेंड को महंगा स्मार्टफोन गिफ्ट करना चाहता था। इसी के लिए जल्दी पैसे जुटाने की कोशिश में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

अंदर की सूचना पर की थी रेकी

जांच में सामने आया कि आरोपियों को पीड़ित के रूट और कैश कलेक्शन की जानकारी पहले से मिल रही थी। पुलिस को शक है कि इस वारदात में एक अन्य व्यक्ति ने भी मदद की, जो कलेक्शन कार्य से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। उसी सूचना के आधार पर आरोपियों ने इलाके की रेकी की और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।

नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, लूटा गया बैग और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *