Social Sharing icon

वाराणसी। काशी के प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में गुजरात से दर्शन करने आए एक परिवार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर परिसर में भीड़ के दौरान कुछ युवकों ने परिवार के लोगों से अभद्रता की और एक बुजुर्ग का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। घटना के बाद श्रद्धालु परिवार में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दर्शन के दौरान परिवार बिछड़ा

गुजरात के नवसारी क्षेत्र स्थित रवि पार्क सोसाइटी निवासी मुकेश भाई पटेल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ काल भैरव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर में अधिक भीड़ होने के कारण लंबी लाइन लगी थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग लगा दी, जिससे उनका परिवार अंदर रह गया और वह बाहर छूट गए।

मिन्नत करने पर भी नहीं माने युवक

पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने युवकों से परिवार के पास जाने देने की गुजारिश की, लेकिन किसी ने बात नहीं सुनी। आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी गई। परिवार के मुताबिक विरोध करने पर कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और मामला और बढ़ गया।

बुजुर्ग का गला दबाने का आरोप

मुकेश भाई पटेल ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके पिता का गला दबाया गया। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही गई है। घटना में परिवार के एक सदस्य के पैर में चोट भी आई है।

वीडियो बनाने पर बढ़ा विवाद

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो कुछ लोग और आ गए और हमला करने लगे। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच कुछ देर तक अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही।

पुलिस पर भी उठे सवाल

परिवार ने आरोप लगाया कि मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन समय रहते किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। हालांकि शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

तीन आरोपी गिरफ्तार

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *