Bareilly में आए भीषण तूफान ने ऐसा खौफनाक मंजर पैदा किया, जिसे देखकर लोग दंग रह गए। भमोरा क्षेत्र में एक बारात घर की टीन शेड तूफानी हवाओं में उड़ गई और उसके साथ एक युवक भी करीब 50 फीट ऊपर हवा में उछलता नजर आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
AI जैसा लगा VIDEO, लेकिन निकला सच
वायरल वीडियो को देखकर पहले लोगों को लगा कि यह किसी फिल्म या AI तकनीक से बनाया गया दृश्य है। लेकिन प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पुष्टि की कि वीडियो पूरी तरह असली है। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि भारी टीन शेड हवा में उड़ गई और उसके नीचे खड़ा युवक भी उसके साथ ऊपर चला गया।
खेत में गिरा युवक, हालत गंभीर
घटना के वक्त तीन लोग बारात घर की टीन शेड के नीचे खड़े होकर आंधी से बचने की कोशिश कर रहे थे। तभी तेज चक्रवाती हवा ने पूरी छत उखाड़ दी। एक युवक कई फीट ऊपर उछलकर दूर खेत में जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रशासन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
दो दिनों से आफत बनी आंधी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बरेली में लगातार दूसरे दिन भी तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं। सड़कों पर जाम और बिजली संकट की स्थिति बनी हुई है। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील
जिलाधिकारी Avinash Singh ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में जुटा है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की गई है।