बरेली के फरीदपुर में आईपीएल मैचों के नाम पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खेल चल रहा था। रोडवेज बस स्टैंड के पास देर रात लाखों रुपये की हार-जीत की बाजियां लगाई जा रही थीं। पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापा मारा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बस स्टैंड के पास चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का खेल
एसपी साउथ Anshika Verma ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फरीदपुर रोडवेज बस स्टैंड के पास दबिश दी। पुलिस पहुंचते ही वहां मौजूद युवकों में भगदड़ मच गई। तीन लोग मौके से भाग निकले, लेकिन एक युवक मोबाइल और दस्तावेज समेटने के चक्कर में पकड़ा गया।
नेपाली सिम और कई बैंक दस्तावेज मिले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरीदपुर के कानूनगोयान मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय ओमेन्द्र के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से नकदी, आईफोन, नेपाली मोबाइल सिम, कई एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक बरामद हुईं। इसके अलावा पुलिस को दो आधार कार्ड और दो संदिग्ध पैन कार्ड भी मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए अलग-अलग बैंक खातों और दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
जल्दी पैसे कमाने के लालच में फंसा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी का काम करता है और शराब के कारोबार से भी जुड़ा रहा है। उसने माना कि आईपीएल सट्टे में तेजी से पैसा आने लगा था, जिसके बाद वह इस धंधे में गहराई तक उतर गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी सट्टेबाजी और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हो चुके हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं यह नेटवर्क बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह से तो जुड़ा नहीं है।