लखनऊ में समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव की अचानक मौत ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में सनसनी फैला दी है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन के बाद अब उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
जिम पार्टनर ने बताया देर रात का घटनाक्रम
प्रतीक यादव के करीबी और जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने दावा किया कि देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल भी ले जाया गया था, लेकिन बाद में वे घर लौट आए थे। स्वप्नेश पांडेय के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद प्रतीक यादव बेडरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। उन्होंने कहा कि सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच निधन की सूचना मिली।
बेहद विनम्र और मिलनसार थे प्रतीक
स्वप्नेश ने बताया कि जिम के जरिए उनकी पहचान प्रतीक यादव से हुई थी। उनके मुताबिक प्रतीक बेहद शांत, विनम्र और सभी का सम्मान करने वाले इंसान थे। उन्होंने कहा कि प्रतीक का व्यवहार हमेशा अच्छा रहा और वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का इलाज भी करा रहे थे।
परिवार के करीबी ने भी जताया दुख
अपर्णा यादव के करीबी मुकेश सिंह ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें सुबह सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर की जानकारी मिली। परिवार इस समय सदमे में है और सभी लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पुलिस और डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। शुरुआती जानकारी में गिरने से सिर में चोट लगने की बात सामने आ रही है, लेकिन मौत की असली वजह मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।