Social Sharing icon

अलीगढ़। अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को उसकी दो पत्नियों और तीन बेटों समेत गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पूरा परिवार मिलकर गांजे की सप्लाई का काम करता था। पुलिस ने मौके से करीब 39 किलो गांजा, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक शहंशाहबाद इलाके की गली नंबर 10 निवासी आफताब उर्फ कप्तान लंबे समय से गांजा तस्करी के कारोबार में सक्रिय था। वह उड़ीसा से गांजा मंगाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करता था और शहर में सप्लाई कराता था। इस काम में उसकी दोनों पत्नियां शहरीन और गुड़िया के अलावा बेटे बिलाल, नबील और अब्दुल्ला भी शामिल थे।

पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप

एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि शुक्रवार देर रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान फायरिंग की आवाज सुनाई दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी के घर से फायरिंग किए जाने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।

घर से मिला गांजा, नकदी और तमंचा

तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 39 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत आठ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 1.05 लाख रुपये नकद, एक तमंचा, कारतूस और गांजे की पुड़िया पैक करने का सामान भी मिला। पुलिस ने बताया कि आरोपी परिवार के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

गैंगस्टर और संपत्ति कुर्की की तैयारी

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध तरीके से बनाई गई संपत्तियों की जांच कर कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *